सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा। नूरसराय थाना क्षेत्र के नूरसराय बाजार में जमीनी विवाद को लेकर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज पांच घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना रविवार दोपहर की है, जब भूमि विवाद के चलते विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते गोलीबारी शुरू हो गई। इस दौरान सुरेंद्र प्रसाद को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

डीएसपी सदर-02 संजय जयसवाल ने बताया कि घटना में राजमनी राजेश उर्फ राजा बाबू, राजेश यादव और घुटन पासवान मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा और तीन मोबाइल बरामद किए।

घायल सुरेंद्र प्रसाद को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह जमीन विवाद लंबे समय से चला आ रहा था और पहले भी इसे लेकर कहासुनी हो चुकी थी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।