सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा। जिले में एक जमींदार की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के मोहनपुर यात्री शेड के पास हुई, जहां 55 वर्षीय प्रकाश सिंह का अचानक निधन हो गया। मृतक मूल रूप से जमुई जिले के खेड़ा थाना क्षेत्र के निजवाड़ा वार्ड 14 के निवासी थे।
परिवार में शोक, पत्नी सदमे में
प्रकाश सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनका पुश्तैनी घर सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के तिनतारा गांव में स्थित है। उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बीए की छात्रा है और छोटी इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रही है। परिवार इस साल नवंबर में बड़ी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन प्रकाश सिंह की असामयिक मौत से घर में मातम छा गया। उनकी पत्नी पिंकी देवी गहरे सदमे में हैं।

जमीन विवाद से जुड़ा मामला?
मृतक के भांजे निशांत ने बताया कि प्रकाश सिंह के पास करीब 300 बीघा जमीन थी, लेकिन अब सिर्फ 25-30 बीघा जमीन बची थी। मंगलवार को उनकी जमीन की नापी होनी थी, लेकिन यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद वे सोनवर्षा राज बाजार गए, जहां अचानक उनके पेट में तेज दर्द हुआ, मल त्याग हुआ और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
परिजनों का मानना है कि प्रकाश सिंह को किसी जहरीले पदार्थ का सेवन करवाया गया, जिससे उनकी जान चली गई। उन्होंने इस मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।