- घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी पुलिस
सिटी पोस्ट लाइव
भोजपुर। आरा रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर मंगलवार की शाम एक सिरफिरे प्रेमी ने प्रेमिका और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर खुद को भी गोली मार ली। इस घटना के बाद स्टेशन पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्टल और कारतूस का खोखा बरामद किया है। वारदात के चलते रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मृतकों में नवादा थाना क्षेत्र के गवर्नर रोड निवासी 55 वर्षीय अनिल कुमार, उनकी 18 वर्षीय बेटी जिया कुमारी उर्फ आयुषी कुमारी और उदवंतनगर थाना क्षेत्र के असली गांव निवासी 29 वर्षीय अमन कुमार शामिल हैं।
जिया कुमारी दिल्ली में रहकर एमबीए की तैयारी कर रही थी। वह सोमवार की रात ट्रेन पकड़कर दिल्ली जाने वाली थी, जिसके लिए उनके पिता अनिल कुमार उन्हें स्टेशन छोड़ने आए थे। जब दोनों प्लेटफॉर्म नंबर दो-तीन के बीच फुट ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, तभी सिरफिरा प्रेमी अमन कुमार वहां पहुंचा और अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में जिया और उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अमन कुमार ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घर में मचा कोहराम
इस हृदयविदारक घटना के बाद अनिल कुमार के परिवार में मातम पसर गया है। उनकी पत्नी, बेटी साक्षी और बेटे आरुष का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरतलब है कि इससे पहले भी आरा रेलवे स्टेशन पर ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। 4 मई 2018 को आरा रेलवे परिसर में हथियारबंद अपराधियों ने चाय पीने आए दो दोस्तों को गोलियों से भून डाला था। मृतकों में भलुहीपुर निवासी हफिज मियां का बेटा हाकिम मियां और बिंद टोली के दिनेश प्रसाद का बेटा पंकज बिंद उर्फ बोतल बिंद शामिल थे। अब पुलिस इस तिहरे हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर सिरफिरे प्रेमी ने इस खौफनाक कदम को क्यों उठाया।