मोकामा: आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, SI और ASI समेत तीन जख्मी, एक की हालत गंभीर

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना (मोकामा) बाढ़ अनुमंडल के मरांची थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में SI आदर्श कुमार, ASI शैलेंद्र कुमार सिंह और एक अन्य जवान घायल हो गए। घायलों को तुरंत मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से ASI शैलेंद्र कुमार सिंह को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया है। डॉक्टर अभिलाषा कुमारी ने बताया कि शैलेंद्र कुमार सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की पुष्टि करते हुए मरांची थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि आरोपी पोलू सिंह उर्फ धनंजय सिंह के खिलाफ थाने में एक मामला दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस सुबह करीब 9:30 बजे उसके घर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी और उसके परिजनों ने पुलिस टीम को घेर लिया और धक्का-मुक्की, मारपीट और पथराव शुरू कर दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस पर हमला करने वालों में आरोपी के परिजन भी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि इस हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। यह घटना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है और पुलिस पर हमले को गंभीर अपराध मानते हुए आगे की कार्रवाई तेज़ कर दी गई है।

Share This Article