सिटी पोस्ट लाइव :लम्बे समय से फरार चल रहे नीट पेपर लीक के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया को बिहार एसटीएफ की टीम ने धर दबोचा है.गुरुवार की रात पटना से एसटीएफ की टीम ने संजीव मुखिया को दबोचा है. पुलिस मुख्यालय ने संजीव मुखिया पर तीन लाख का इनाम घोषित किया था. संजीव मुखिया को ईओयू और बिहार एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर पटना से गिरफ्तार किया है. संजीव मुखिया मुख्य आरोपी है और लंबे समय से फरार था.
10 अप्रैल को बिहार पुलिस ने संजीव मुखिया पर तीन लाख का इनाम घोषित किया था.संजीव मुखिया पर आरोप है कि उसने NEET परीक्षा में छात्रों से 40-40 लाख रुपये लेकर प्रश्न पत्र लीक किया. यह कोई पहला मामला नहीं है जिसमें उसका नाम सामने आया हो. 2016 की सिपाही भर्ती परीक्षा में भी पेपर लीक कांड में उसका नाम जुड़ा था. बीपीएससी शिक्षक बहाली घोटाले में वह पहले ही जेल जा चुका है. उसका बेटा डॉ. शिव कुमार, जो पीएमसीएच से एमबीबीएस कर चुका है फिलहाल जेल में बंद है.
संजीव मुखिया की गिरफ्तारी नहीं हो पाने को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा था. कई जांच एजेंसियों ने देश के विभिन्न हिस्सों में उसकी तलाश में छापेमारी भी की थी लेकिन अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था.अब ईओयू की टीम और बिहार एसटीएफ ने संजीव मुखिया को पटना से दबोच लिया है