संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, मां ने दर्ज कराया हत्या का मामला

घटना के बाद ससुराल पक्ष फरार, एक महीने पहले हुई थी पकड़ौआ शादी

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

चौगाईं। मुरार थाना क्षेत्र के वैदा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता निराशा देवी की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की मां धर्मशीला देवी ने मुरार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपने दामाद गोलू कुमार, ससुर सुशील सिंह, सास, देवर, ननद, गोतिनी समेत कुल 10 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है, जबकि घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गए हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जानकारी के अनुसार, रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव की रहने वाली निराशा देवी की शादी मुरार थाना क्षेत्र के वैदा गांव निवासी सुशील सिंह के पुत्र गोलू कुमार के साथ पकड़ौआ विवाह के तहत हुई थी। बताया जाता है कि पहले गुप्ता धाम की यात्रा के दौरान गोलू और निराशा की मुलाकात हुई थी, जो जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई।

इसी बीच, 31 जनवरी को गोलू कुंभ मेले में जाने की बात कहकर अपनी प्रेमिका से मिलने दावथ पहुंचा था, जहां लड़की के परिवार वालों ने जबरन उसकी मंदिर में शादी करवाई और बाद में रोहतास कोर्ट में भी शादी की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर निराशा को उसके साथ विदा कर दिया। हालांकि, गोलू ने ससुराल लाने के बाद निराशा को दरवाजे पर ही छोड़ दिया और खुद फरार हो गया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से निराशा को ससुराल में प्रवेश मिला था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गोलू और उसके परिवारवाले इस शादी को स्वीकार नहीं कर रहे थे। इसी कारण उन्होंने कथित तौर पर एक साजिश के तहत निराशा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और उसे फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप दे दिया। घटना के बाद सभी लोग फरार हो गए। इस मामले पर पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या थी या हत्या।

Share This Article