सिटी पोस्ट लाइव
पटना। बिहार में वर्दी पहनकर गानों पर रील्स बनाने का ट्रेंड रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी या अधिकारी वर्दी में वीडियो या रील्स नहीं बना सकते, अन्यथा उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। बावजूद इसके, मोतिहारी में तैनात एक महिला दारोगा का वर्दी में रील्स बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जैसा कि वीडियो में देखा जा सकता है, यह महिला पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी से ज्यादा रील्स बनाने के कारण सुर्खियों में हैं। कभी बैंक निरीक्षण के दौरान, तो कभी सरकारी गाड़ी में, यह महिला दारोगा ऑन-ड्यूटी रहते हुए लगातार सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाती नजर आ रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह महिला दारोगा पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर में तैनात हैं और अक्सर वर्दी में रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करती हैं। इस मामले ने पुलिस विभाग के अनुशासन और सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है। अधिकारियों का मानना है कि वर्दी में इस तरह की हरकतें पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं और जनता के बीच गलत संदेश जाता है।

इस पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनुचित उपयोग और वर्दी में रील्स बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस संबंध में पहले से ही सख्त आदेश जारी किए गए हैं, और इसका उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, वायरल वीडियो की जांच जारी है।