सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा (बिहार), हिलसा थाना क्षेत्र: धर्मपुर गांव में सोमवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब 75 वर्षीय सुरेश यादव की घर की छत पर सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने पड़ोसी गुड्डू यादव पर हत्या का आरोप लगाया है, जो वारदात के बाद से फरार है। परिजनों के मुताबिक, पूरा परिवार नीचे सो रहा था, जबकि सुरेश यादव छत पर सोए थे। देर रात पड़ोसी गुड्डू यादव ने सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़ा और सोते समय सुरेश यादव को गोली मार दी। गोली लगते ही वृद्ध ने शोर मचाया, जिससे परिवार जाग गया। घायल अवस्था में उन्हें हिलसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले से मिल रही थी धमकियाँ
मृतक के बेटे संतोष कुमार ने बताया कि पड़ोसी से करीब एक साल पहले एक महिला को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से लगातार धमकियाँ मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि: आरोपी ने तंत्र-मंत्र से जुड़ा सामान उनके घर में फेंका था दो महीने पहले उनके पिता के पैर पर हमला भी हुआ कई बार जान से मारने की धमकी दी गई संतोष ने कहा कि इन घटनाओं की कई बार थाने में शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो सुरेश यादव की जान बचाई जा सकती थी। थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते हत्या की बात सामने आई है। आरोपी फरार है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की निष्क्रियता और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब पहले से धमकियाँ मिल रही थीं, तब सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? क्यों थाने में की गई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई?