खाकी वर्दी में डाकू : थाने में रची गई ₹1.44 करोड़ की डकैती, SHO गिरफ्तार, 6 पुलिसकर्मी फरार

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की रेल पुलिस (GRP) उस वक्त सवालों के घेरे में आ गई जब ‘ट्रेन के रक्षकों’ ने ही ‘भक्षक’ बनकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गया जंक्शन के पास हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस में एक कारोबारी के स्टाफ से हुई 1.44 करोड़ रुपये के सोना लूट कांड का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस पूरे कांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि गया रेलवे थाने का इंचार्ज (SHO) राजेश कुमार सिंह निकला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है पूरी वारदात?
यह सनसनीखेज मामला 21 नवंबर 2025 का है। हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस में स्वर्ण व्यवसायी का कर्मचारी धनंजय शाश्वत करीब एक किलोग्राम सोना लेकर सफर कर रहा था। आरोप है कि जवानों ने पीड़ित के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि डरा-धमकाकर उससे पूरा सोना लूट लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने पीड़ित का टिकट बनवाया और उसे वापस ट्रेन में बिठाकर धमकी दी कि अगर मुँह खोला तो गंभीर परिणाम होंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जांच में खुली ‘वर्दीवाले लुटेरों’ की पोल
पीड़ित की शिकायत के बाद पटना रेल एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान जब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो पुलिस महकमे के पैरों तले जमीन खिसक गई। तकनीकी साक्ष्यों ने सीधे तौर पर थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता की पुष्टि कर दी। इसके बाद गया रेल कोर्ट के आदेश पर SHO को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

6 पुलिसकर्मी फरार, तलाश में छापेमारी
इस कांड में SHO तो सलाखों के पीछे पहुँच गया है, लेकिन उसके गिरोह में शामिल 6 अन्य पुलिसकर्मी अभी भी फरार हैं। फरार आरोपियों में करण कुमार, अभिषेक चतुर्वेदी, रंजनजय कुमार, आनंद मोहन, परवेज आलम और पूर्व रेल पुलिस चालक सीताराम शामिल हैं। पुलिस की कई टीमें इन ‘वर्दीधारी अपराधियों’ की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

एसआईटी (SIT) करेगी जांच
रेल एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन डीएसपी के नेतृत्व में एक एसआईटी (Special Investigation Team) का गठन किया है। यह टीम जांच करेगी कि क्या इस गिरोह ने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है। इस घटना ने बिहार पुलिस की साख पर गहरा बट्टा लगाया है, जहाँ सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले ही करोड़ों की लूट की साजिश रच रहे थे।

Share This Article