सिंघाड़ी कांड: महिला और बच्चियों पर लाठीचार्ज करने वाले दो पुलिसकर्मी निलंबित, आईजी की कड़ी कार्रवाई

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

औरंगाबाद। जिले के गोह थाना अंतर्गत सिंघाड़ी गांव में महिलाओं और बच्चियों के साथ कथित पुलिस ज्यादती के मामले में कार्रवाई तेज़ हो गई है। डीजीपी विनय कुमार के निर्देश पर आईजी शालीन ने खुद गांव का दौरा कर मामले की गहराई से जांच की। उन्होंने पीड़िता अदिति से बातचीत की और उसके शरीर पर मौजूद चोटों को देखा। आईजी शालीन अब अपनी रिपोर्ट डीजीपी को सौंपेंगे, लेकिन उनके गांव पहुंचते ही कार्रवाई की शुरुआत हो गई। पीड़िता अदिति और उसकी मां पर आधी रात को पुलिसकर्मियों द्वारा की गई बर्बरता के बाद, जिनमें दारोगा दिलीप मंडल और सिपाही पिंकी कुमारी शामिल थे, दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अदिति ने आरोप लगाया था कि पुलिस और कुछ असामाजिक तत्वों ने मिलकर न सिर्फ उन्हें बुरी तरह पीटा, बल्कि उनके कपड़े उतरवाने की भी कोशिश की। इस घटना के बाद अदिति और उसकी मां ने गोह थानाध्यक्ष सुदीश कुमार पर भी वही कार्रवाई करने की मांग की है, क्योंकि घटना में उनकी भी संलिप्तता बताई गई है। आईजी शालीन ने गांव में पहुंचकर न केवल पीड़ितों से बात की, बल्कि ग्रामीणों से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे आरोपी कोई भी हो – पुलिसवाला या कोई अन्य।

इस कार्रवाई से अदिति को नई ताकत मिली है। उसने कहा कि अब वह बिना डरे एक बार फिर पढ़ाई के लिए गोह जा सकेगी। उसे विश्वास है कि अब पुलिस की आड़ में कोई गुंडा उसके रास्ते में नहीं आएगा। पूर्व मंत्री रामजतन सिन्हा, जिन्होंने पीड़ित परिवार को पटना लाकर डीजीपी से मिलवाया था, ने कहा कि डीजीपी विनय कुमार और आईजी शालीन जैसे अफसरों के कारण ही आज बिहार की बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

आईजी शालीन, जो 2001 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं, पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सुरक्षा में भी तैनात रह चुके हैं। उन्होंने पहले भी घूसखोरी, भ्रष्टाचार और पुलिसिया अत्याचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। अब सभी की निगाहें उस रिपोर्ट पर टिकी हैं जो आईजी शालीन जल्द ही डीजीपी को सौंपने वाले हैं। माना जा रहा है कि यह रिपोर्ट पूरे मामले में न्याय दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

Share This Article