पटना से दवा लेकर लौट रही ननद-भौजाई की ट्रेन से कटकर मौत, राज्यरानी एक्सप्रेस की चपेट में आईं दोनों महिलाएं

Deepak Sharma

टेका बीघा हॉल्ट पर हुआ दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के दानापुर रेल मंडल अंतर्गत टेका बीघा हॉल्ट के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ननद और भौजाई की ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान चंपापुर गांव निवासी काजल कुमारी (उम्र 18 वर्ष) और सोनी कुमारी (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

परिजनों के अनुसार, दोनों महिलाएं सुबह एक साथ पटना दवा लेने गई थीं। इलाज के बाद दोपहर लगभग 1:00 बजे वे राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12568) से लौट रही थीं। टेका बीघा हॉल्ट के पास जैसे ही वे रेलवे लाइन पार करने लगीं, उसी समय डाउन ट्रैक पर आ रही राज्यरानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही हॉल्ट पर मौजूद लोगों ने रेल थाना को सूचना दी। रेल पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा है और परिजन रो-रो कर बेहाल हैं।

काजल मृतका सोनी कुमारी की ननद थी। परिवारवालों ने बताया कि सोनी की तबीयत खराब थी, इसलिए उसे पटना ले जाने के लिए काजल उसके साथ गई थी। लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि यह सफर उनकी ज़िंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। रेल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article