दानापुर में PMCH की हेड नर्स की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी ने खुद बुलाई पुलिस

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
रंगों के त्योहार होली से पहले राजधानी पटना के दानापुर इलाके से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। दानापुर के पूर्वी गोला रोड में महज मायके जाने के विवाद को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में हुई है, जो पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में हेड नर्स के पद पर कार्यरत थीं। इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या करने के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर अपना जुर्म कबूला।

विवाद, हत्या और फिर सरेंडर
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत होली पर छपरा (मायके) जाने को लेकर हुई थी। आरोपी पति सोनू कुमार सिंह चाहता था कि चांदनी उसके साथ चले, लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि सोनू ने आपा खो दिया और चांदनी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घबराकर अपने दो साल के मासूम बेटे को लेकर छपरा भाग गया। लेकिन देर रात जब वह वापस लौटा, तो उसने स्वयं डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को मार डाला है। सूचना मिलते ही दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

ऑनलाइन गेम की लत और आर्थिक तंगी का पेंच
मृतका की बहन ब्यूटी कुमारी ने पुलिस को दिए बयान में इस मामले में कई गंभीर खुलासे किए हैं। परिजनों का आरोप है कि सोनू कुमार सिंह ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और उसमें लाखों रुपये हार चुका था। पैसों की भरपाई के लिए वह अक्सर चांदनी पर दबाव बनाता था और उसे प्रताड़ित करता था। 6 फरवरी 2023 को हुई इस शादी में चांदनी न केवल घर संभाल रही थी, बल्कि अपनी मेहनत से घर की आर्थिक स्थिति को भी सहारा दे रही थी, लेकिन पति की सट्टेबाजी और लालच ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।

पुलिसिया कार्रवाई और जांच
दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर हत्या और दहेज प्रताड़ना जैसी संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या इस हत्याकांड में ससुराल पक्ष के अन्य लोग भी शामिल थे। फिलहाल, PMCH की हेड नर्स की मौत से अस्पताल प्रशासन और स्थानीय इलाके में शोक की लहर है।

Share This Article