सिटी पोस्ट लाइव
मुजफ्फरपुर। जिले के फकुली थाना क्षेत्र में 23 मार्च 2025 की रात 10 बजे अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने एक एलआईसी बीमा कर्मी के घर पर बम फेंककर दहशत फैला दी और फिर 15 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। इस घटना की जानकारी पीड़ित अरुण कुमार सिंह, पिता सुखदेव महतो, ने फकुली थाना में दर्ज कराई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-2) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
- संतोष कुमार (पिता – गनोरी राय), निवासी भगवानपुर, थाना मधुबन।
- सरोज कुमार (पिता – दशई राय), निवासी कटहा, थाना मेहसी।
- क्रीम कुमार (पिता – बाबू लाल प्रसाद), निवासी बड़हारा, थाना मधुबन।
सभी आरोपी मोतिहारी जिले के निवासी हैं। वहीं, एक अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।