सिटी पोस्ट लाइव
शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के मनकौल गांव के पास आज एक भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और पत्थर से लदे हाईवा ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिससे वह धू-धू कर जल उठा।
घटना अरियरी थाना के मनकौल गांव के पास हुई, जब 50 वर्षीय राजकुमार महतो (निवासी मनकौल गांव), जो दिहाड़ी मजदूरी के लिए शेखपुरा आ रहे थे, एक तेज रफ्तार गिट्टी लदे हाईवा ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा हुए लोग बेहद गुस्से में आ गए। उन्होंने तुरंत सड़क जाम कर दिया और अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए हाईवा ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। अग्निशमन दल को भी बुलाया गया, जिसने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था।
इस घटना के बाद मृतक राजकुमार महतो के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार होने में सफल रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।