सिटी पोस्ट लाइव
रोहतास /पटना : रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के चितांंव गांव के समीप शनिवार को एक अनियंत्रित बस ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया। घटना में पति की घटना स्थल पर हीं मौत हो गई जबकि पत्नी व उनकी एक छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जिनका फिलहाल गंभीर स्थिति में इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार दंपति एवं उनकी छोटी बच्ची दिनारा थाना क्षेत्र के चिल्हरुआं गांव में एक शादी समारोह से वापस अपने गांव लौट रहे थे तभी चितांव गांव के समीप एक अनियंत्रित बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस हादसे में बाइक सवार पति की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई और घटना में गंभीर रूप से घायल पत्नी एवं उनकी बच्ची को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालांकि घटना में गंभीर रूप से घायल पत्नी एवं बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जिनका फिलहाल बनारस में इलाज चल रहा है।
घटना को लेकर दिनारा थाने के चौकीदार लालजी राम ने बताया कि चितांव गांव के समीप सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जिनके शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम लाया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में मृतक की पत्नी एवं बच्ची भी घायल हुई है, जो इलाजरत है और मृतक की पहचान कोचस थाना क्षेत्र के शाहमलखैरा गांव निवासी अभय लाल रंजन के रूप में हुई है।
अनियंत्रित बस ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, पति की मौत, पत्नी व बच्ची रेफर