सिटी पोस्ट लाइव
पटना : मोतिहारी शहर इन दिनों अपराध की आग में जलता नजर आ रहा है। बीते 24 घंटे के भीतर दो युवकों की निर्मम हत्या ने न सिर्फ शहर को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला मोतिहारी के रघुनाथपुर का है, जहां भोला अंसारी के पुत्र मुस्तुफा अंसारी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मृतक मुस्तुफा अंसारी की शादी आगामी 18 जून को होनी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इसी सप्ताह नगर थाना क्षेत्र के अगरवा में एक अन्य युवक की भी चाकू मारकर हत्या की गई थी। लगातार हो रही इन हत्याओं से शहर के लोगों में भय का माहौल है। आम जनता के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि मोतिहारी में कानून व्यवस्था कमजोर पड़ती जा रही है और अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और शहर में गश्त बढ़ाई जाए, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।