सिटी पोस्ट लाइव
पटना के बाढ़ अनुमंडल में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की निर्मम हत्या कर दी और शव को धोवा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, धीरज कुमार रबाईच गाँव के निवासी थे, जिनकी हाल ही में शालू कुमारी से शादी हुई थी। शादी के बाद शालू का अपने पति के चचेरे भाई से अवैध संबंध शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, शालू ने अपने पति की संपत्ति हड़पने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिलकर धीरज की हत्या की खौफनाक साजिश रची।
जन्मदिन के बहाने ले गई मौत के घाट
योजना के तहत, शालू अपने पति का जन्मदिन मनाने के बहाने अपने प्रेमी और कुछ अन्य दोस्तों के साथ बख्तियारपुर-रजौली सड़क मार्ग पर गई। धोवा नदी के पुल पर मौका मिलते ही, प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर धीरज पर हमला कर दिया। धीरज की पीठ पर दो गोलियाँ मारी गईं और फिर चाकू से उसके चेहरे पर कई वार किए गए। हत्या के बाद शव को एक बोरी में भरकर धोवा नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस को पत्नी पर हुआ शक
पुलिस ने 7 जुलाई को धोवा नदी से एक अज्ञात शव बरामद किया, जिसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस का शक मृतक की पत्नी शालू पर तब गहराया जब उसकी तरफ से थाने में कोई गुमशुदगी या शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। शालू को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने सभी राज उगल दिए। शालू ने स्वीकार किया कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति धीरज की हत्या की है।
संपत्ति हड़पने का मकसद और बरामदगी
शालू ने पुलिस को बताया कि हाल ही में उसके पति ने अपनी कुछ जमीन बेची थी और पैसे घर में ही रखे थे। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने पति की संपत्ति हड़पना चाहती थी, इसी वजह से उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने शालू के पास से करीब ढाई लाख रुपए भी बरामद किए हैं।
आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में पुलिस ने मोबाइल से सबूत मिटाने और हत्या में सहयोग करने के आरोप में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। एसडीपीओ 2, बाढ़ के अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अब शालू के प्रेमी के तीन अन्य साथियों की तलाश कर रही है, जो हत्या की साजिश में शामिल थे।