सिटी पोस्ट लाइव
बगहा। बगहा के नदी थाना क्षेत्र स्थित नैनहा गांव में एक 40 वर्षीय महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या करने का प्रयास किया। घरेलू कलह से आहत महिला ने घर के पंखे से फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने समय रहते इस घटना को देख लिया और तुरंत उसे नीचे उतार लिया।
परिजन गंभीर हालत में महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पतिलार ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे अनुमंडलीय अस्पताल बगहा रेफर कर दिया गया। बगहा अस्पताल में भी जब उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजने का निर्णय लिया।
डॉ. चंदन कुमार के अनुसार, महिला के गले में फंदे की वजह से गंभीर सूजन आ गई थी, जिससे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इस कारण उसे उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए बेतिया रेफर किया गया। घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन ने स्थानीय नगर थाना को भी दे दी है, ताकि मामले की जांच की जा सके। पुलिस घटना के पीछे के पारिवारिक विवाद की तहकीकात कर रही है।