सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा। बिहार के सहरसा में इस बार की होली सिर्फ रंगों तक सीमित नहीं रही, बल्कि राजनीति की भी झलक दिखी। बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह के आवास पर बड़े स्तर पर होली समारोह आयोजित किया गया, जहां उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मंत्री ने खुद सभी को गुलाल लगाकर बधाई दी और उनके साथ मिलकर जमकर उत्सव मनाया। होली के इस कार्यक्रम में माहौल पूरी तरह संगीतमय और जोश से भरा रहा।

पारंपरिक फगुआ गीतों के साथ समर्थक नाचते-गाते दिखे, वहीं ढोल-नगाड़ों की थाप पर मंत्री भी झूमने लगे। इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद किया और चुनावी भविष्य को लेकर आत्मविश्वास भी जताया। मंत्री नीरज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि होली सिर्फ रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम और भाईचारे का त्योहार है, जो समाज में एकता लाता है। साथ ही उन्होंने इशारों-इशारों में आगामी चुनावों को लेकर भी संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि यह होली तो खास है, लेकिन नवंबर की होली और भी खास होगी, जब बिहार में एनडीए गठबंधन बड़ी जीत दर्ज करेगा और सरकार बनाएगा। इस आयोजन के जरिए जहां समर्थकों और स्थानीय लोगों के बीच उत्साह का माहौल बना, वहीं यह राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित हुआ। सहरसा में इस तरह के भव्य आयोजन से साफ है कि चुनावी रणभेरी बज चुकी है और अब हर उत्सव सियासी रणनीति का हिस्सा बनता जा रहा है।