सिटी पोस्ट लाइव : महाकुम्भ स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पटना समेत बिहार के सभी रेलवे स्टेशनों पर देखी जा रही है.रविवार को पटना और दानापुर जंक्शन पर यात्रियों ने अफरातफरी मचा दी. राजेन्द्रनगर टर्मिनल से दानापुर तक शाम के समय धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की स्थिति बन गई. ट्रेनों में सवार होने के लिए लोगों में होड़ मची रही .कई ट्रेनें देरी से चलीं और इस वजह से आरपीएफ और यात्रियों के बीच कई बार झड़प भी हुई.
महाकुम्भ स्नान के के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रविवार शाम पटना के रेलवे स्टेशनों पर उमड़ पड़ी. राजेन्द्रनगर टर्मिनल, पटना जंक्शन और दानापुर स्टेशन पर शाम सात बजे के आसपास हालात बेकाबू हो गए. भीड़ इतनी ज्यादा थी कि प्लेटफार्म पर पैर रखने की जगह नहीं बची थी. इसके कारण ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ और कई ट्रेनें देरी से रवाना हुईं.राजेन्द्रनगर टर्मिनल से शाम सात बजे खुलने वाली कुम्भ स्पेशल ट्रेन प्लेटफार्म पर आते ही कुछ ही मिनटों में खचाखच भर गई. भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोगों को ट्रेन में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान आरपीएफ और यात्रियों के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई.
पटना जंक्शन पर यह ट्रेन रात 9 बजे पहुंची, तब भी वहां यात्रियों की भारी भीड़ मौजूद थी. संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को राजेन्द्रनगर टर्मिनल पर लगभग एक घंटे तक रोककर रखा गया. यह ट्रेन पटना पहुंचते-पहुंचते सवा घंटे लेट हो चुकी थी. पटना जंक्शन पर इस ट्रेन में अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. आरपीएफ ने कई यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने से रोका और जो लोग चढ़ गए थे, उनमें से कई को जबरन उतारा गया.राजेन्द्रनगर टर्मिनल पर सुरक्षा बलों की तैनाती के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई, लेकिन दानापुर स्टेशन पर भीड़ बेकाबू हो गई. दानापुर-सिकंदराबाद और दानापुर-पुणे ट्रेन में सवार होने के लिए यात्री धक्का-मुक्की करते रहे. आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की.
।
शाम साढ़े सात बजे राजेन्द्रनगर टर्मिनल से कुम्भ स्पेशल पटना जंक्शन पहुंची तो आधे यात्री ट्रेन में सवार हो पाए, जबकि दो से ढाई सौ यात्री प्लेटफार्म पर ही रह गए. दानापुर स्टेशन पर देर शाम दानापुर-पुणे ट्रेन में हजारों यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी. बोगी के शौचालय में ठसाठस लोग भरे थे.आरपीएफ के समझाने पर भी यात्री मानने को तैयार नहीं थे. दानापुर-सिकंदराबाद ट्रेन में बिना टिकट वाले यात्रियों ने आरक्षित बोगियों पर कब्जा कर लिया. ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि दर्जनों यात्री यात्रा नहीं कर पाए. महाकुम्भ के बाद वापसी करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से रेलवे स्टेशनों पर अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई है.