सिटी पोस्ट लाइव
पटना: महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के मिलन का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे हर साल बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन को विशेष रूप से शिव-गौरी विवाह के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर श्री शिव बारात का आयोजन केंद्रीय महासमिति पहाड़ी मंदिर (मुख्य द्वार) द्वारा किया जाता है। इस संबंध में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता शैलेश्वर दयाल सिंह ने की।
बैठक में 26 फरवरी को होने वाली शिव बारात की तैयारियों पर चर्चा की गई। संस्थापक नंद किशोर सिंह चंदेल ने कहा कि इस वर्ष भी श्री शिव बारात पहाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार से निकाली जाएगी, जो सबसे पहली बारात होगी। इस बारात में झांकियां, ताशा, ढोल, नगाड़ा जैसे आकर्षक कार्यक्रम होंगे। शिव बारात के प्रारंभ से पहले पूजा-अर्चना की जाएगी।
शिव बारात हरमू रोड, शनि मंदिर, बकरी बाजार, कार्टसराय रोड, कोतवाली थाना रोड, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए शहीद चौक, गांधी चौक, महावीर चौक, ग्वाला टोली, न्यू मार्केट चौक, दुर्गा मंदिर रातू रोड होते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां बारातियों का स्वागत किया जाएगा और विवाह समारोह संपन्न होगा। समिति ने भक्तों से भगवान शिव, माता पार्वती और भूत-पिचाश के रूप में शामिल होने का आह्वान किया है।
महाशिवरात्रि का पर्व इस साल 26 फरवरी 2025 को मनाया जाएगा। माघ माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि का प्रारंभ 26 फरवरी को सुबह 11 बजकर 8 मिनट से होगा और समापन 27 फरवरी को सुबह 8 बजकर 54 मिनट पर होगा।
महाशिवरात्रि 2025 का पूजा मुहूर्त
- निशिता काल पूजा समय: 27 फरवरी को मध्यरात्रि 12:27 बजे से 1:16 बजे तक
- रात्रि प्रथम प्रहर पूजा समय: 06:43 PM से 09:47 PM तक
- रात्रि द्वितीय प्रहर पूजा समय: 09:47 PM से 12:51 AM (27 फरवरी 2025) तक
- रात्रि तृतीय प्रहर पूजा समय: 12:51 AM से 03:55 AM (27 फरवरी 2025) तक
- रात्रि चतुर्थ प्रहर पूजा समय: 03:55 AM से 06:59 AM (27 फरवरी 2025) तक
- शिवरात्रि पारण समय: 27 फरवरी को सुबह 6:59 बजे से 8:54 बजे तक
इस दिन श्रद्धालुओं द्वारा विशेष पूजा, व्रत और अभिषेक किए जाएंगे, जिससे भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया जा सके।