पीएम मोदी ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी, गंगा पूजन और सूर्य को दिया अर्घ्य

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

प्रयागराज: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रयागराज में पवित्र संगम में स्नान किया। इस दौरान वे भगवा वस्त्र पहने हुए थे और उनके गले व हाथ में रुद्राक्ष की मालाएं थीं। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने अकेले संगम में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के पश्चात प्रधानमंत्री ने सूर्य को अर्घ्य दिया और लगभग पांच मिनट तक मंत्र जाप कर सूर्य उपासना की। इसके बाद संगम नोज पर गंगा पूजन कर मां गंगा को दूध अर्पित किया। 

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

प्रधानमंत्री मोदी सुबह लगभग 11 बजे संगम पहुंचे और यहां एक घंटे तक रुके। संगम स्नान और पूजन के उपरांत वे बोट के माध्यम से वापस लौट गए। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ उपस्थित रहे। पीएम मोदी प्रयागराज में कुल ढाई घंटे बिताने वाले हैं, जहां वे साधु-संतों से भेंट भी कर सकते हैं। 

मोदी के दौरे की झलकियां

  • प्रधानमंत्री ने स्नान के बाद सूर्य को अर्घ्य दिया और गंगा पूजन किया। 
  • उन्होंने मां गंगा को दूध अर्पित किया और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। 
  • पीएम संगम क्षेत्र में करीब एक घंटे तक रुके और फिर बोट से वापस लौट गए। 

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई थी। उनके विमान के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे हेलिकॉप्टर द्वारा अरैल स्थित वीआईपी घाट पहुंचे और वहां से नाव के जरिए संगम पहुंचे। 

श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रधानमंत्री का रूट विशेष रूप से तैयार किया गया था। संगम क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिसमें पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती भी शामिल रही। प्रधानमंत्री मोदी का यह 54 दिनों में महाकुंभ का दूसरा दौरा है। इससे पहले वे 13 दिसंबर को प्रयागराज आए थे।

Share This Article