रामनवमी पर्व को लेकर शांति और कानून व्यवस्था के लिए प्रशासनिक बैठक आयोजित

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटन। रामनवमी पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज नवादा नगर में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान ने संयुक्त रूप से की। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए पूरी तरह से सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बलों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। साथ ही, जिला नियंत्रण कक्ष को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी नियुक्त अधिकारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर समय से उपस्थित रहें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी छोटी या बड़ी घटना की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जाए। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है। साथ ही सिविल सर्जन को यह निर्देश दिया गया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर डॉक्टरों की तैनाती हो और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पीएचईडी विभाग को श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने का आदेश दिया गया है।

लाउडस्पीकर और डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा, जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार जैसे भाला, तलवार, गड़ासा आदि के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जुलूस की निगरानी के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे लगाए जाएं। मोटरसाइकिल के साथ जुलूस निकालने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक शोभायात्रा के लिए कम से कम 50 वालंटियर्स की पहचान सुनिश्चित करें और उनके लिए पहचान-पत्र जारी करवाएं। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि शोभायात्रा दिन के उजाले में ही पूरी कर ली जाए।

शराब सेवन पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे ब्रेथ एनालाइज़र मशीन के साथ तैनात रहें और निगरानी बनाए रखें। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि बिना वैध अनुमति के किसी भी प्रकार का जुलूस नहीं निकलने दिया जाएगा। असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक और उत्तेजक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि हर शोभायात्रा के लिए तय रूट की भौतिक जांच की जाए और तभी अनुमति पत्र निर्गत किया जाए। साथ ही, हर जुलूस की वीडियो रिकॉर्डिंग कराना भी अनिवार्य होगा। इस अहम बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (नवादा सदर और रजौली), डीसीएलआर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय एवं यातायात), गुप्तचर शाखा प्रभारी, सभी एसडीपीओ, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

Share This Article