सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे बजाने पर कार्रवाई की चेतावनी

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

नावानगर। सरस्वती पूजा के मद्देनजर मंगलवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बीडीओ मनोज कुमार, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और पूजा समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए थानाध्यक्ष नंदू कुमार ने कहा कि सरस्वती पूजा का आयोजन शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में होना चाहिए। पूजा के दौरान किसी भी तरह की कानून व्यवस्था या शांति भंग करने वाले व्यक्तियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से स्पष्ट तौर पर कहा कि पूजा या विसर्जन के समय डीजे बजाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यदि डीजे बजाते हुए कोई पाया जाता है तो डीजे संचालक और पूजा समिति के लाइसेंसधारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जुलूस के दौरान कोई धारदार हथियार नहीं रखा जाना चाहिए, ऐसा कड़ा निर्देश दिया गया। इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने पूजा समिति के सदस्यों से कहा कि बिना लाइसेंस के कोई पूजा पंडाल या मूर्ति स्थापित नहीं की जा सकती। इसलिए सभी पूजा समितियों को लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य है। इसके लिए 31 जनवरी तक का समय निर्धारित किया गया है, और सभी समितियों को तय समय से पहले अपना लाइसेंस बनवाना होगा।

बीडीओ ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूजा समिति और उपस्थित लोगों से सहयोग की अपील की और कहा कि अगर कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी का आभास हो, तो तुरंत थाना को सूचित करें। बैठक में सरदार कुशवाहा, सुनील यादव, मुन्ना सिंह, भूलु सिंह समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।

Share This Article