सिटी पोस्ट लाइव
डुमरांव। डुमरांव के राज हाई स्कूल के खेल मैदान में अनुमंडल प्रशासन द्वारा एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस फाइनल मुकाबले में पटना और डुमरांव की टीमों ने भाग लिया। मैच का उद्घाटन एसडीओ राकेश कुमार और डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी ने फुटबॉल को किक मारकर किया।
मैच के शुरुआती पंद्रह मिनट में ही पटना की टीम ने ताबड़तोड़ तीन गोल दागकर 3-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। इस दौरान डुमरांव के गोलकीपर गोल रोकने में असफल नजर आए। मध्यांतर के बाद डुमरांव की टीम ने खेल में वापसी की कोशिश की। खेल के 55वें मिनट में डुमरांव की ओर से पहला गोल हुआ, जिससे स्कोर 3-1 हो गया। इसके बाद डुमरांव के खिलाड़ियों ने लगातार पटना के गोलपोस्ट पर आक्रमण किया और कई मौके बनाए, लेकिन पटना के गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए डुमरांव को और गोल करने से रोक दिया।
दर्शकों ने गोलकीपर के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की और दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। हालांकि डुमरांव के हारने से स्थानीय दर्शकों को निराशा हुई, लेकिन डुमरांव की टीम के जुझारू खेल को सभी ने सराहा।
फाइनल मैच जीतने के बाद पटना की टीम को विजेता शील्ड पूर्व फुटबॉलर वफा अंसारी और लल्लू खान ने प्रदान की। इसके बाद पटना के खिलाड़ियों ने शील्ड लेकर पूरे मैदान का चक्कर लगाकर अपनी जीत का जश्न मनाया। इस आयोजन को सफल बनाने में पूर्व फुटबॉलर भगवती प्रसाद और संजय शर्मा का विशेष योगदान रहा।