सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार को रेलवे क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कई अहम घोषणाएं की हैं। पटना से दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने बताया कि पटना-गोरखपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द शुरू की जाएगी। इसके अलावा, मुजफ्फरपुर-पटना के बीच ‘नमो भारत’ ट्रेन चलाने की संभावना जताई गई है। साथ ही, पटना से दिल्ली के लिए भी एक नई ट्रेन मिलने के संकेत दिए गए हैं।
पत्रकारों से बात करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि बिहार में रेलवे के विकास के लिए 95,566 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार के प्रति विशेष लगाव है, जिसके चलते रेलवे में ऐतिहासिक बदलाव हो रहे हैं। रेल मंत्री ने कहा, “पहले बिहार में 10 किलोमीटर रेलवे विद्युतीकरण भी बड़ी बात होती थी, लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में 100% विद्युतीकरण हो चुका है।”
रेल मंत्री के मुताबिक, बिहार में कुल 98 रेलवे स्टेशनों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है, जिन्हें अमृत स्टेशन का नाम दिया गया है। इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा। रेल मंत्री ने बताया कि 2014 के बाद बिहार में 1832 किलोमीटर नई रेलवे लाइन बिछाई गई है। उन्होंने इस उपलब्धि की तुलना मलेशिया के रेलवे नेटवर्क से करते हुए कहा कि,”मलेशिया एक देश है, और वहां का जितना रेलवे नेटवर्क है, उससे ज्यादा नेटवर्क हमने 2014 के बाद बिहार में तैयार कर दिया है।”
रेलवे मंत्री ने बताया कि 2014 से पहले बिहार को रेलवे के लिए सिर्फ 1,132 करोड़ रुपये मिलते थे, लेकिन अब यह बजट बढ़ाकर 10,066 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो कि 9 गुना अधिक है। उन्होंने इसे बिहार के लिए पीएम मोदी का सपना बताया और कहा कि इस निवेश से रेलवे को नई ऊंचाई मिलेगी। जब रेल मंत्री से पटना-दिल्ली के लिए नई ट्रेन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा,”बहुत कुछ मिलेगा!”
हालांकि, उन्होंने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि बिहार को जल्द और भी नई ट्रेनें मिलने वाली हैं। रेल मंत्री की इन घोषणाओं से साफ है कि बिहार के रेलवे नेटवर्क में बड़ा बदलाव आने वाला है। पटना-गोरखपुर वंदे भारत, मुजफ्फरपुर-पटना नमो भारत और पटना-दिल्ली के बीच नई ट्रेन से बिहारवासियों की यात्रा और सुविधाजनक होगी। बिहार में हो रहे रेलवे विकास से प्रदेश को नई दिशा और रफ्तार मिलेगी।