सांसद पप्पू यादव ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खूब सुनाया

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना :
बिहार के पूर्णियां से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव आज भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से किए गए ट्वीट को लेकर बहुत गुस्से में दिखे। कांग्रेस पार्लियामेंट्री बोर्ड के असोसिएट मेंबर सांसद पप्पू यादव ने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की खबर के तुरंत बाद ट्वीट कर कहा कि अमेरिका को बाप बनने नहीं दिया जाए। पप्पू यादव ने लिखा कि प्रधानमंत्री जी, युद्धविराम हो, लेकिन भारत की शर्तों पर हो। भारत जैसे महान देश के संबंध में घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति किस हैसियत से कर रहा है? यह भारत की संप्रभुता पर हमला है। जैसा कि हम आपको बता चुके हैं कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि पूरी रात भारत और पाकिस्तान के बीच सीज़फ़ायर कराने के लिए अमेरिका ने काफ़ी मेहनत की और इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम को लेकर सहमति बन गई है। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी लिखा कि दोनों ही देशों ने बेहतर कॉमन सेंस और इंटेलिजेंस का परिचय दिया है और दोनों ही देशों को युद्धविराम के लिए बधाई। भारत की ओर से युद्धविराम को लेकर जो ऑफ़िशियल बयान जारी किया गया, उसमें डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका का कोई ज़िक्र नहीं किया गया है। भारत की ओर से विदेश मंत्री विक्रम मिसरी की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि पाकिस्तान के डीजीएमओ (ऑपरेशन) ने भारत के डीजीएमओ को कॉल कर बात की और दोनों देशों के बीच युद्धविराम को लेकर सहमति बन गई है। हालांकि, भारत ने यह भी साफ़ किया है कि आतंकी हमलों को एक्ट ऑफ़ वॉर माना जाएगा, लेकिन पूर्णियां के सांसद पप्पू यादव ने इस पर सवाल उठाया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने सीज़फ़ायर में अगर कोई भूमिका निभाई, तो वह क्यों निभाई, हालांकि यह सभी जानते हैं कि पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति कितनी खराब है और आज ही उसे आईएमएफ़ से एक बिलियन डॉलर का कर्ज़ मिला है। ऐसी स्थिति में पाकिस्तान अमेरिका की किसी बात को मानने से इंकार करे, ऐसी हालत पाकिस्तान की नहीं है। अमेरिका ने लगातार भारत के कश्मीर के पहलगाम में टूरिस्ट्स पर आतंकी हमले की कड़ी शब्दों में निंदा की थी और पाकिस्तान को जांच में सहयोग करने को कहा था।

Share This Article