सिटी पोस्ट लाइव : गर्मपछुआ हवाओं ने बिहार के तापमान को बढ़ा दिया है. मध्य एवं दक्षिण बिहार की स्थिति काफी गंभीर है.राज्य के पूर्वी भाग में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण वातावरण में आर्द्रता काफी बढ़ गई है. उसम लोगों को परेशान कर रही है. लोग दिनभर पसीना पोछते नजर आ रहे हैं.मौसम विभाग के अनुसार इस तरह की स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रहेगी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है. उससे राज्य के उत्तरी भाग में आंधी के साथ-साथ बारिश हो सकती है. बुधवार से राज्य के मौसम में व्यापक बदलाव हो सकता है.मध्य एवं दक्षिण बिहार में उसका कोई विशेष प्रभाव नहीं होगा. कटिहार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा जिला, सुपौल, सहरसा, बेगूसराय और खगड़िया में बारिश के आसार हैं.
शनिवार को राज्य के 21 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया. बक्सर में सबसे अधिक तापमान 45.3 रिकार्ड किया गया. पटना, गया, भागलपुर, गोपालगंज, जमुई, बक्सर, भोजपुर, वैशाली,औरंगाबाद, बांका, नवादा, हरनौत, अरवल सहित कई स्थलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा.तेज धूप से दिनभर राजधानी झुलसती रही. सुबह आठ बजे से ही गर्मी का असर दिखने लगा जो बारह बजे तक सारी हदें पार कर गया. गर्मी का कहर दोपहर बारह बजे से शाम पांच बजे तक रहा. दिन में वातावरण में गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ गई कि शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया.
भीषण गर्मी के कारण लोगों को घरों में भी चैन नहीं मिल रहा था। मानव के साथ-साथ पशु-पक्षी भी भीषण गर्मी से व्याकुल देखे गए. राजधानी में अधिकतम तापमान 43 एवं न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.आज रविवार को राजधानी के तापमान में और वृद्धि होने के आसार व्यक्त किया जा रहा है.