कार्यालय में मीटिंग कर रहे थे बीजेपी विधायक, बाहर पुलिस ने काटा चालान
सिटी पोस्ट लाइव
पटना: पटना में बीजेपी कार्यालय के अंदर भाजपा विधायकों की मीटिंग चल रही थी और बाहर पुलिस ने आकर विधायकों की गाड़ियों का चालान काट दिया। दरअसल वीरचंद पटेल पथ के बीजेपी कार्यालय में कल बीजेपी विधायकों की मीटिंग थी। इसमें हिस्सा लेने कई बीजेपी विधायक कार्यालय पहुंचे, लेकिन अपनी-अपनी कार सड़क के किनारे पार्क कर दी। इससे जाम लग गया। इसके बाद वहां पहुंची पुलिस ने बिना कोई नरमी दिखाए विधायकों की गाड़ी का चालान काट दिया। जाहिर है कि गाड़ियों का चालान कटना बीजेपी विधायकों को नागवार गुज़र रहा है और वह भी तब जब चालान बीजेपी दफ़्तर के बाहर कटा हो।
पूरे मामले के बारे में बताया जा रहा है कि वीरचंद पटेल पथ पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई थी और गाड़ियां सड़क के किनारे खड़ा कर दिए जाने के कारण पूरा का पूरा इनकम टैक्स वीरचंद पटेल पथ पूरी तरह जाम हो गया था।
सूचना के बाद ट्रैफ़िक पुलिस की टीम वहां पहुंची और पाया कि कई गाड़ियां रोड के किनारे खड़ी हैं जिससे जाम लगा है। इसके बाद गाड़ियों का चलान कटना शुरू हुआ। इन गाड़ियों में से कई विधायकों की गाड़ियां थी।
सभी गाड़ियों की फ़ोटो ली गई। उनके वीडियो लिए गए और उनके चालान काट दिए गए। उनके चालान को उनके पास मैसेज और व्हाट्सऐप के माध्यम से भेज दिया गया। ऐसा पहली बार हुआ है कि भाजपा कार्यालय के बाहर विधायकों की गाड़ियों का चालान कटा है। इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल के कार्यालय में बैठक के दौरान भी कई विधायकों की गाड़ियों का चालान कटा था जिस पर जमकर राजनीति और बवाल हुआ था।