प्रशांत किशोर को घेरने में जुटा बीपीएससी, वीडियो क्लिप के साथ भेजा लीगल नोटिस.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : बिहार लोक सेवा आयोग ने जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर उर्फ पीके को लीगल नोटिस भेजा है. आयोग के वकील ने बिहार लोक सेवा आयोग पर लगाए गए आरोपों को लेकर तथ्यों के साथ जवाब तलब किया है. बीपीएससी परीक्षा में धांधली के आरोप लगाते हुए प्रशांत किशोर ने गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि  बीपीएससी में हर पोस्ट के लिए 30 लाख रुपये से डेढ़ करोड़ रुपए तक में डील होती है. अब आयोग प्रशांत किशोर को घेरने की तैयारी में जुट गया है.

पटना हाई कोर्ट के वकील संजय सिंह ने नोटिस भेजते हुए प्रशांत किशोर से साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा है. बीपीएससी ने प्रशांत किशोर को उनका ही एक वीडियो क्लिप भी भेजा है. इसमें प्रशांत किशोर नौकरियों में रुपए पैसे की डील की बात करते हुए दिख रहे हैं. इसमें प्रशांत किशोर कहते दिख रहे हैं कि बीपीएससी परीक्षा में एक पोस्ट के लिए तीस लाख से डेढ़ करोड़ तक लिया जा रहा है. यह हजार करोड़ से ज्यादा का घोटाला है.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पीके इस वीडियो में यह भी कहते दिख रहे हैं कि बीपीएससी गलत कर पा रही है क्योंकि सरकार उसके पीछे खड़ी है. क्योंकि सरकार के लोग भ्रष्टाचार कर पा रहे हैं, क्योंकि सरकार के लोग लूट रहे हैं, और सारी जितनी बीपीएससी में एग्जाम में जो सीट आने वाला है, आधे से ज्यादा सीट पहले ही बेच दी गयी है. आयोग ने अब इस आरोप को लेकर प्रशांत किशोर से जवाब मांगकर इस मुद्दे को लेकर कानूनी कानूनी कार्रवाई करने का संकेत दे दिया है.

Share This Article