बिहार राज्य महिला आयोग के सामने एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला आया है। फुलवारी शरीफ (पटना) की एक महिला ने अपने ससुर, पति और देवर पर प्रताड़ना, दहेज और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता का आरोप है कि उसका ससुर उस पर बुरी नजर रखता है और उसे आपत्तिजनक तरीके से देखता है। हद तो तब हो गई जब पति ने कमरे में गुप्त कैमरा लगाकर उनके निजी पलों का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और अब उसे वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की मांग कर रहा है। वहीं, पीड़िता की ढाई साल की बेटी भी सुरक्षित नहीं है। मां का आरोप है कि ससुर बच्ची के निजी अंगों को गलत तरीके से छूता है, जिसकी वजह से मासूम को तीन बार गंभीर इन्फेक्शन (संक्रमण) हो चुका है। जब इसकी शिकायत पति से की गई, तो उसने बेहद असंवेदनशील जवाब देते हुए इसे नजरअंदाज कर दिया। दरअसल, शादी के बाद से ही 10 लाख रुपये के लिए महिला को कमरे में बंद कर पीटा गया। इस मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण महिला का दो बार (2022 और 2025 में) गर्भपात (Miscarriage) हो चुका है। ससुराल वालों ने पीड़िता के गहने छीनकर उसे घर से बाहर निकाल दिया है। आरोपी पति फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
महिला आयोग की कार्रवाई
बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य रश्मि रेखा सिन्हा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदिका ने अपने ससुर और देवर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, महिला की स्थिति अत्यंत दयनीय है; वह प्रताड़ना मुक्त जीवन और न्याय चाहती है। आयोग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अगली सुनवाई की तिथि 6 अप्रैल निर्धारित की है।