सिटी पोस्ट लाइव :बिहार में ठंड के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है. बच्चों में वायरल इन्फेक्शन के कारण निमोनिया, कोल्ड डायरिया, सर्दी-खांसी, बुखार, ब्रोंकियोलाइटिस के अलावा सांस फूलने की शिकायतें बढ़ गई है. एक साल से कम उम्र के बच्चे ज्यादा बीमार पड़ रहे हैं. डॉ. निगम प्रकाश नारायण के अनुसार ‘प्रदूषण की वजह से बच्चों में सांस फूलने की समस्या है. दम फूलने की वजह से बच्चे दूध नहीं पी पा रहे हैं. अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा है. नस के जरिए उन्हें भोजन दिया जा रहा है. ओपीडी में आने वाले बीमार बच्चों में से 25 फीसदी को सांस लेने में दिक्कत है। सही इलाज के बाद 4 से 5 दिनों में बच्चे ठीक भी हो रहे हैं.
बिहार में ठंडी पछुआ हवा चलने से अधिक ठंड महसूस हो रही है.मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है. न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. बिहार के 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मध्यम से तेज पछुआ हवा चलेगी. 20 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनने की संभावना है. 26 जनवरी से मौसम में बदलाव आएगा और लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना है.