सिटी पोस्ट लाइव
मोकामा: जिस मुंशी मुकेश पर सोनू-मोनू गैंग लाखों रुपए गबन करने का आरोप लगा रहा था, उस मुकेश से सिटी पोस्ट लाइव ने पूरी कहानी पर विस्तार से बात की। मुंशी मुकेश ने बताया कि सोनू-मोनू गैंग के सारे आरोप झूठे हैं। मैं एक गरीब आदमी हूं। किसी तरह अपने बच्चों और परिवार का पेट भरने भर कमाता हूं। मैं सोनू-मोनू के ईंट भट्ठे पर मुंशी का काम करता था।
मुंशी मुकेश ने बताया कि ये लोग मुझे पैसे नहीं देते थे और दिन भर काम करवाते थे। ये लोग चाहते थे कि मैं बिना पैसे के काम करूं। मैंने कोई गबन नहीं किया। इनलोगों ने मेरी बेटियों को और परिवार की महिलाओं को बुरी तरह पीटा। उनके दांत तोड़ दिए। मैं पुलिस के पास भी कई बार गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
मुंशी मुकेश ने कहा कि मेरा परिवार इस ठंड में कहां जाता, सोनू-मोनू ने मेरे घर के लोगों को घर से बाहर कर ताला मार दिया था, पुलिस भी नहीं सुन रही थी, तब आखिरकार मैं हारकर पूर्व विधायक अनंत सिंह के घर पर गया। अनंत सिंह ने आकर मेरे घर का ताला खुलवाया, मेरी जान बचाई, वरना सोनू-मोनू तो मेरी और मेरे परिवार की जान ही ले लेता।
मुंशी मुकेश ने बताया कि आज शुक्रवार की सुबह-सुबह सोनू-मोनू ने मेरे घर पर दोबारा चढ़ाई कर दी और फ़ायरिंग की। मेरा परिवार बुरी तरह से डरा हुआ है। दोबारा फ़ायरिंग होने के बाद मेरे घर पर पुलिस तैनात की गई है।