सीएम नीतीश कुमार यात्रा के लिए आज पूर्णिया होंगे रवाना, 4 फरवरी को कैबिनेट बैठक

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी प्रगति यात्रा के तहत पूर्णिया पहुंचेंगे। सुबह 10:00 बजे पटना से पूर्णिया के लिए प्रस्थान करेंगे। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, जो विभिन्न विभागों से जुड़ी होंगी। पूर्णिया में मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

वहां अधिकारियों के साथ मिलकर कार्यों का ऑन-स्पॉट निरीक्षण करेंगे और उन्हें बेहतर कार्य के लिए दिशा-निर्देश देंगे। इसके अलावा, वह जीविका दीदियों से भी मुलाकात करेंगे और उनके प्रयासों को सराहेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री 2:00 बजे दिन में एक अहम समीक्षा बैठक में भाग लेंगे, जिसमें सभी विभागों के सचिव और बड़े अधिकारी शामिल होंगे।

इस बैठक में मुख्यमंत्री को पूर्णिया में चल रहे विकास कार्यों पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दी जाएगी। साथ ही, इस बैठक में मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को सुनेंगे और उनका त्वरित समाधान करेंगे। मुख्यमंत्री की तबीयत खराब होने के कारण इस यात्रा को एक दिन बढ़ा दिया गया था, पहले सीएम 27 जनवरी को जाने वाले थे।

वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लंबे अरसे के बाद 4 फरवरी को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। यह बैठक शाम 4:00 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय के कैबिनेट सभागार में होगी, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री, सभी मंत्री और कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।

बैठक का प्रमुख एजेंडा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं पर कैबिनेट की मंजूरी लेना होगा। इसके अलावा, कई विभागों में पद सृजन और विकासशील एजेंडा पर भी मंजूरी ली जाएगी।

Share This Article