पटना में अपराधियों का दिनदहाड़े तांडव, ज्वेलरी शोरूम में लाखों की लूट

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना | राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दानापुर खगौल रोड पर स्थित एक ज्वेलरी शोरूम को अपराधियों ने पुलिस चौकी के पास ही लूट लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 50 लाख रुपये के गहनों और 27 हजार रुपये नकद की लूट की। हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को धमकाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस दौरान सिटी SP वेस्ट सरथ एस. भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। पुलिस ने शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ कर कई अहम इनपुट जुटाए हैं।  पुलिस ने शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इसके अलावा इलाके में सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। 

सिटी SP वेस्ट सरथ एस. ने कहा कि, “हम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस लगातार इनपुट इकट्ठा कर रही है।” दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने एक बार फिर पटना में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराधियों के बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। पुलिस के लिए यह मामला बड़ी चुनौती बन गया है कि आखिर शहर में अपराध पर लगाम कैसे लगेगी! 

Share This Article