सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा। रहुई प्रखंड के बसानपुर गांव में हरेराम पासवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पार्टी ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर लोजपा (आर) की छह सदस्यीय टीम गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। लोजपा (आर) के राष्ट्रीय महासचिव संजय पासवान, उपाध्यक्ष रमेश कुमार, जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट समेत अन्य नेताओं ने मौके पर पहुंचकर मृतक हरेराम पासवान के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए।
लोजपा (आर) के राष्ट्रीय महासचिव संजय पासवान ने कहा कि,”हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं। यह महज दुर्घटना नहीं बल्कि साजिशन हत्या है। प्रशासन दोषियों को बचाने की कोशिश कर रहा है। हमारी मांग है कि हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। हम इस मामले को चिराग पासवान के संज्ञान में लाएंगे और मुख्यमंत्री व डीजीपी को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।”
लोजपा (आर) के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर यह घटना सिर्फ चोरी के दौरान हुई होती, तो पुलिस को ठोस सबूत पेश करने चाहिए। लोजपा (आर) के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट ने कहा कि,”अगर पुलिस के पास कोई ठोस प्रमाण है, तो उसे सार्वजनिक करे। लेकिन अगर नहीं है, तो जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।” लोजपा (आर) के एससी-एसटी प्रखंड अध्यक्ष संजय पासवान ने कहा कि प्रशासन इस मामले को हल्के में लेने की भूल न करे। यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो लोजपा (आर) आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि,”हम न्याय के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे। प्रशासन जल्द से जल्द दोषियों को सजा दे, ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके।”