पप्पू यादव की पार्टी से चुनाव लड़नेवाली संजना? 7 साल से गायब.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की पार्टी से चुनाव लड़नेवाली नेत्री संजना तांती 7 साल से लापता हैं.इस मामले की जाँच के लिए अभीतक  16 अनुसंधानकर्ता बदल चुके हैं लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं.हाईकोर्ट ने एसपी समेत अन्य अधिकारियों को आज 7 फरवरी को तलब किया था. पुलिस ने  हत्या की आशंका जताई है. संजना तांती 2015 में पप्पू यादव की पार्टी से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी थीं.

जनवरी 2018 से गायब नेत्री की तलाश में पुलिस खाक छान रही है. इंटरनेट मीडिया, कोसी नदी समेत अन्य माध्यम से नेत्री की तलाश हो रही है. हालांकि अब पुलिस को हत्या की आशंका लग रही है.12 जनवरी 2018 को संजना तांती नानी के घर भगवानपुर जाने की बात कहकर निकली थी, परंतु लौटकर नहीं आई. उनके पति गौरीशंकर के आवेदन पर सदर थाना में अपहरण व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मामले में तीन लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी का आदेश दिया गया. एक आरोपी को उसी समय जेल भेज दिया गया था. लेकिन दो आरोपी पकड़ में नहीं आ रहे थे. इसी बीच इस मामले के आरोपी पटुआहा के भूपेंद्र यादव एवं धीरेंद्र यादव ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर कर दी.जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट के जज जस्टिस सत्यव्रत वर्मा ने 31 जनवरी 2025 को एक आदेश दिया. जिसमें इस मामले को लेकर सात फरवरी को दोपहर 2:15 बजे सहरसा के एसपी, सदर थानाध्यक्ष, अनुसंधानकर्ता को सशरीर हाजिर होने का आदेश दिया.2018 से गायब संजना तांती की बरामदगी नहीं होने पर जवाब देने को कहा.

हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस मामले में 17 वें अनुसंधानकर्ता सदर थाना के पुअनि महेश कुमार को बनाया गया. इंटरनेट मीडिया पर गुमशुदगी के संबंध में सूचना जारी की गई. कोसी नदी समेत अन्य कई ठिकानों पर तलाश की गई, परंतु कोई सुराग नहीं मिल सका.सात वर्ष बाद ही सही इस मामले का गहन अनुसंधान शुरू हुआ है. इस मामले में फिर से लोगों से बयान लिया जा रहा है. बयान में विरोधाभाष आने के बाद हत्या की आशंका पुलिस जता रही है. अनुसंधानकर्ता की मानें तो जल्द ही इसकी गुत्थी सुलझा ली जाएगी.

Share This Article