अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बेतिया और सुगौली होगा विकसित: संजय जायसवाल

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव  

पटना: बिहार को रेलवे क्षेत्र में मिली सौगात पर बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से चंपारण को दी गई नई योजनाओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। कल रात पटना एयरपोर्ट पर रेल मंत्री को विदा करने पहुंचे संजय जायसवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा,”बिहार को आज बहुत कुछ मिला है, और मैं इसके लिए रेल मंत्री का दिल से धन्यवाद करता हूं।” उन्होंने खास तौर पर चंपारण के रेलवे विस्तार को लेकर हुई घोषणाओं की सराहना की और कहा कि यह क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात है। 

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सांसद संजय जायसवाल ने बताया कि रेल मंत्री के दौरे के दौरान चंपारण को “अमृत भारत स्टेशन” योजना के तहत बेतिया और सुगौली को विकसित करने की घोषणा की गई। इसके साथ ही बेतिया रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन बहनों को मंच पर बुलाकर करवाना दर्शाता है कि सरकार आम जनता को विकास कार्यों से सीधे जोड़ना चाहती है। इसके अलावा, सांसद जायसवाल ने बताया कि चंपारण के रेलवे विस्तार के लिए 4,300 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है।

इस फंड से नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में रेलवे के नए प्रोजेक्ट लाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में रेलवे सुविधाएं और बेहतर होंगी। साथ ही, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि चंपारण को जल्द ही नई ट्रेन मिलने जा रही है, जिसका ऐलान खुद रेल मंत्री ने किया है। सांसद ने कहा कि चंपारण के नागरिक होने के नाते वे इस ऐतिहासिक फैसले के लिए रेल मंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं न केवल यातायात को सुगम बनाएंगी, बल्कि आर्थिक विकास को भी गति देंगी। रेल मंत्री की घोषणाओं के बाद चंपारण में खुशी की लहर है, और अब क्षेत्र के लोगों को रेलवे के नए प्रोजेक्ट्स और नई ट्रेन के संचालन का बेसब्री से इंतजार है। 

Share This Article