सिटी पोस्ट लाइव
प्रयागराज: प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान भारी भीड़ के कारण सड़कों पर लंबा जाम लग गया है। महाकुंभ नगरी की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की कतारें लगी हुई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके असर से वाराणसी और अयोध्या में भी भीड़ काफी बढ़ गई है। महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे प्रयागराज की ओर जाने वाली सड़कों पर ट्रैफिक ठप हो गया है। सोशल मीडिया पर जाम के कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं। लोग इस जाम में फंसने की अपनी व्यथा साझा कर रहे हैं।
फेसबुक पर एक व्यक्ति ने लिखा कि उन्हें 21 किलोमीटर का सफर तय करने में 26 घंटे लग गए। एक अन्य ने कहा,”300 किलोमीटर तक जाम लगा हुआ है, गंगा मैया ही अब बचाएं!” वहीं, किसी ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा,”हम पिछले 7 घंटे से जाम में फंसे हैं, हमारे साथ छोटे बच्चे भी हैं, जो भूखे हैं। प्रशासन की व्यवस्था दयनीय है!” सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि प्रयागराज के रास्ते में 300 किलोमीटर तक जाम लगा है। इस वीडियो में मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी लोगों से अपील करते नजर आ रहे हैं कि श्रद्धालु वापस लौट जाएं, क्योंकि आगे ट्रैफिक पूरी तरह से रुका हुआ है। हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की गई है।
महाकुंभ में उमड़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे और प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं। फिर भी कई जगहों पर भारी जाम की समस्या बनी हुई है। प्रयागराज के सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) शैलेंद्र सिंह ने बताया कि “महाकुंभ के बाद श्रद्धालु काशी और अयोध्या की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे उन रास्तों पर भी भीड़ बढ़ गई है।” भीड़ बढ़ने के कारण अफवाह उड़ी कि प्रयागराज जंक्शन को बंद कर दिया गया है। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सफाई दी कि यह खबर पूरी तरह भ्रामक है और जंक्शन को बंद नहीं किया गया है।
प्रयागराज के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) कुलदीप सिंह ने बताया कि 2019 के कुंभ मेले की तुलना में इस बार सामान्य दिनों में भी ज्यादा भीड़ देखी जा रही है। 9 फरवरी तक 43.57 करोड़ श्रद्धालु गंगा और संगम में स्नान कर चुके हैं। 10 फरवरी की सुबह 10 बजे तक ही 63 लाख से अधिक लोगों ने स्नान किया। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, हर दिन औसतन 1.44 करोड़ लोग स्नान कर रहे हैं।
महाकुंभ के बाद श्रद्धालुओं के वाराणसी पहुंचने से वहां भीड़ काफी बढ़ गई है। इसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने शहर के कई हिस्सों में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। बाहरी वाहनों को वाराणसी के बाहर ही रोका जा रहा है। काशी जोन के पुलिस उपायुक्त गौरव बंसवाल ने बताया कि “भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई मार्गों पर ट्रैफिक बंद किया गया है और सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।”
महाकुंभ में बढ़ती भीड़ और लंबा ट्रैफिक जाम देखते हुए, श्रद्धालुओं को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन स्थिति को संभालने में जुटा हुआ है, लेकिन श्रद्धालुओं को भी धैर्य और सतर्कता बरतनी होगी।