सिटी पोस्ट लाइव
पटना: राजधानी पटना में अतिक्रमण के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान जारी है। प्रशासन ने गंगा किनारे सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनी दर्जनों इमारतों और घरों को गिराने की कार्रवाई तेज कर दी है। आज भी बुलडोजर गरजेंगे और दर्जनों बड़े-बड़े निर्माण जमींदोज किए जाएंगे। नगर निगम और स्थानीय प्रशासन की टीम बड़ी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट के साथ मौके पर मौजूद है। सरकारी जमीन पर वर्षों से कब्जा जमाए लोगों को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
गंगा किनारे कीमती सरकारी जमीन पर वर्षों से बड़े-बड़े मकान और कॉम्प्लेक्स खड़े थे, लेकिन न तो नगर निगम और न ही स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक लगी। जब सरकार ने मामले की जांच करवाई, तो बड़े पैमाने पर अतिक्रमण का खुलासा हुआ। अब सभी अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने का आदेश दिया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पटना में अवैध कब्जे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
आज के अभियान के तहत गंगा किनारे बनी सभी अवैध इमारतों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा। सरकार का यह कदम पटना में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत है। इस बड़े अभियान से जहां सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है, वहीं आम जनता के बीच भी प्रशासन की सख्ती को लेकर चर्चा है। यह साफ हो गया है कि अब पटना में अवैध कब्जा कर इमारतें खड़ी करना आसान नहीं होगा।