सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार की सियासत में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने का सपना देखने से कुछ नहीं होगा, क्योंकि तेजस्वी यादव कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। ललन सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को पहले राजनीति और प्रशासन का ज्ञान लेना चाहिए, क्योंकि अनुभव के बिना सिर्फ आंकड़े जारी करने से कुछ नहीं बदलता।
ललन सिंह ने तेजस्वी यादव पर उनके पिता लालू प्रसाद यादव के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा,”तेजस्वी जी, कभी अपने पिता के समय को याद कर लीजिए। उस दौर में बिहार में क्या होता था! अपहरण के लिए फिरौती कहां जाती थी! यह भी याद कर लीजिए।” ललन सिंह ने तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने के दावे पर कटाक्ष करते हुए कहा,”कोई भी सपना देख सकता है, आप भी देख लीजिए। लेकिन सच्चाई यह है कि आप मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे।”
दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री बनने पर कांग्रेस की आपत्ति पर ललन सिंह ने कहा,”कांग्रेस को हर बात पर आपत्ति होती है। उन्हें लगता है कि सिर्फ उनके परिवार की महिलाएं शासन कर सकती हैं, आम महिलाएं नहीं!” तेजस्वी यादव द्वारा नीतीश कुमार की ‘प्रगति यात्रा’ को ‘दुर्गति यात्रा’ कहे जाने पर ललन सिंह ने करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा,”तेजस्वी यादव को प्रगति का मतलब ही नहीं पता।
उनके माता-पिता ने कभी कोई विकास कार्य नहीं किया, इसलिए वे नहीं समझ सकते कि प्रगति क्या होती है। नीतीश कुमार हर जिले में जाकर अधूरे कामों को पूरा कर रहे हैं, यही असली प्रगति है।” जब पत्रकारों ने पूछा कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने का दावा कर रहे हैं, तो ललन सिंह ने हंसते हुए कहा, “पत्रकार जी, आप भी रात में सपना देख लीजिए कि आप पूरे देश का प्रशासन चला रहे हैं। लेकिन सुबह उठते ही सच्चाई समझ आ जाएगी। तेजस्वी यादव को भी सपना देखने दीजिए, लेकिन यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।”