सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार में समय से पहले चुनाव कराने को लेकर मंत्री विजय चौधरी के बयान पर राजद सांसद मनोज झा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा,”अगर उन्होंने चुनाव आयोग से ही गठबंधन कर लिया है तो कोई बात नहीं। पहले CBI, फिर ED, और अब चुनाव आयोग…भगवान ही देश को बचाए!” उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भागलपुर दौरे को लेकर मनोज झा ने कहा,”प्रधानमंत्री हैं, आएंगे, लेकिन मेरा उनसे बस एक अनुरोध है जुमले नापने के बजाय बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की घोषणा करें।” उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार को अब तक उसका हक नहीं मिला है।
बीजेपी विधायकों द्वारा आयोजित कुर्मी रैली को लेकर भी मनोज झा ने कहा कि,”नीतीश कुमार के समर्थकों को अब यह बात समझनी होगी कि किस तरह उनके साथ खेल खेला जा रहा है।” उनके इस बयान को जदयू समर्थकों के लिए एक खुली चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने अपने पिता की सेहत पर कहा था कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज झा ने कहा,”भगवान उन्हें हमेशा स्वस्थ रखें, लेकिन बिहार भी स्वस्थ रहे, इसे देखना जरूरी है।” उन्होंने आगे कहा,”तेजस्वी यादव की चिंता नीतीश कुमार को लेकर इसलिए है क्योंकि उन्होंने साथ काम किया है और एक पुत्र की तरह उनका सम्मान भी किया है।”
अमेरिका में भारतीय मूल के अवकाश पटेल द्वारा शपथ लिए जाने पर भी मनोज झा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,”शपथ तो बहुत लोग लेते हैं, लेकिन मेरी बस एक विनती है कृपया किसी भारतीय को जंजीर पहनाकर भारत न भेजें।” उनका यह बयान अमेरिका द्वारा कुछ भारतीयों के प्रत्यर्पण को लेकर आया है। मनोज झा के इन बयानों से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जदयू और बीजेपी की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है, यह देखने वाली बात होगी।