साहित्य, संस्कृति और सद्भावना का प्रतीक : DM

जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

Rahul
By Rahul
  • नगर भवन में उर्दू भाषा के संवर्धन हेतु कार्यशाला, सेमिनार एवं मुशायरे का आयोजन

सिटी पोस्ट लाइव

बक्सर। राज्य उर्दू निदेशालय, जिला प्रशासन एवं जिला उर्दू कोषांग के संयुक्त तत्वावधान में उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार और संवर्धन के लिए कार्यशाला, सेमिनार एवं मुशायरे का भव्य आयोजन किया गया। नगर भवन, बक्सर में जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर इस आयोजन का शुभारंभ किया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि उर्दू सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि यह साहित्य, संस्कृति और आपसी सौहार्द्र का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि उर्दू भाषा की खासियत यह है कि इसमें हिंदी, फारसी, संस्कृत और अरबी भाषाओं का समन्वय है। इसकी व्याकरण और मुहावरे हिंदी से इतने गहरे जुड़े हैं कि दोनों को अलग करना कठिन हो जाता है।

जिलाधिकारी ने उर्दू साहित्य की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि मुनशी प्रेमचंद, कृशन चंदर, राजेंद्र सिंह बेदी, पंडित रतननाथ सरशार, जगन्नाथ आज़ाद, फिराक गोरखपुरी और गोपीचंद नारंग जैसे महान साहित्यकारों ने इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उप विकास आयुक्त महेंद्र पाल ने भी इस आयोजन की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भाषाई और सांस्कृतिक समृद्धि के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

उर्दू की विशिष्ट पहचान

कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि उर्दू भाषा दिलों को जोड़ने का कार्य करती है। इसकी मिठास, कोमलता और गहराई इसे दुनिया की सबसे प्रभावशाली भाषाओं में से एक बनाती है। नगर परिषद अध्यक्ष ने भी इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजन उर्दू की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने में सहायक होंगे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में इनका रहा योगदान

इस आयोजन की सफलता में मोहम्मद अमानुल्लाह (उर्दू अनुवादक, जिला उर्दू भाषा कोषांग) और मोहम्मद जहांगीर अंसारी (उर्दू अनुवादक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों और अतिथियों ने उर्दू भाषा के संवर्धन एवं संरक्षण के लिए अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और नगर परिषद अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

Share This Article