अदालत की चौखट पर लालू परिवार: ‘लैंड फॉर जॉब’ केस में आज राउज एवेन्यू कोर्ट में बड़ी पेशी, क्या तय होंगे आरोप?..

Ritu Raj

जमीन के बदले नौकरी (Land for Job) मामले में आज का दिन लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी और तेजप्रताप यादव को आज यानी 25 फरवरी को सशरीर पेश होने का निर्देश दिया था। इसी सिलसिले में लालू और राबड़ी बीते दिन ही दिल्ली पहुंच चुके हैं।

दरअसल, लालू परिवार के सभी सदस्यों के अदालत में पेश होने की संभावना है। माना जा रहा है कि आज से कोर्ट में आरोपियों पर ‘चार्ज फ्रेम’ (आरोप तय) करने की कानूनी बहस शुरू होगी। वहीं, अदालती कार्यवाही के साथ-साथ लालू यादव दिल्ली में अपना रूटीन मेडिकल चेकअप भी करवाएंगे। कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि 9 मार्च से इस मामले की सुनवाई रोजाना (Day-to-Day) आधार पर की जाएगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पिछली सुनवाई और जज की तल्ख टिप्पणी;
जनवरी में हुई सुनवाई के दौरान स्पेशल जज विशाल गोगने ने इस मामले पर बेहद सख्त रुख अपनाया था। जज ने मौखिक रूप से कहा था कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि यह एक संगठित साजिश थी, जिसमें सरकारी नौकरियों को संपत्ति हड़पने के हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया गया। कोर्ट ने सीबीआई की चार्जशीट का हवाला देते हुए कहा कि जमीन के ट्रांसफर और उनकी कीमतों में भारी विसंगतियां पाई गई हैं, जो सीधे तौर पर लालू परिवार और उनके करीबियों से जुड़ी हैं। अदालत ने माना कि मौजूद साक्ष्य और दस्तावेज इतने पर्याप्त हैं कि इस मामले में गहन ट्रायल की आवश्यकता है।

लालू परिवार का पक्ष;
भले ही कोर्ट की टिप्पणियां सख्त रही हों, लेकिन लालू यादव और राबड़ी देवी ने साफ कर दिया है कि वे झुकने वाले नहीं हैं। 16 फरवरी की पेशी के दौरान व्हीलचेयर पर कोर्ट पहुंचे लालू यादव ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। राबड़ी देवी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे कानूनी रूप से इन मुकदमों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Share This Article