ट्रक की टक्कर से गिरा बिजली पोल, पांच घंटे बाधित रही आपूर्ति

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

डुमरांव। सोमवार सुबह स्टेशन रोड स्थित महाराजा पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक की टक्कर से 11 केवीए का बिजली पोल गिर गया। संयोगवश वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस घटना के कारण कमल नगर, टेक्सटाइल कॉलोनी समेत कई इलाकों की बिजली आपूर्ति करीब पांच घंटे तक ठप रही। बिजली पोल गिरने के कारण रेलवे स्टेशन क्षेत्र समेत कई इलाकों में लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। कनीय विद्युत अभियंता मनीष कुमार ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम सक्रिय हो गई और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया गया। विभागीय कर्मचारियों की मेहनत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना स्थल पर एक पुलिया निर्माण कार्य जारी है, जिसकी वजह से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। सोमवार सुबह करीब छह बजे एक ट्रक संकरी सड़क से गुजर रहा था और पुलिया पार करते समय बिजली के पोल से टकरा गया, जिससे पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़ा। टक्कर के तेज धमाके से आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रक चालक भाग चुका था।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद टाउन जेई और विभागीय कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। घंटों मशक्कत के बाद टूटे पोल को ठीक किया गया और बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान बिजली कटौती के कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा, खासकर पीने के पानी की किल्लत से लोग परेशान रहे।

Share This Article