सिटी पोस्ट लाइव
सारण: सारण जिले में पुलिस ने एक अंतरजिला लूट गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों के पास से लूट के माल और हथियार भी बरामद हुए हैं, जिनमें छपरा और गोपालगंज में ज्वैलर्स से लूटी गई चीजें शामिल हैं। सारण एसपी डॉक्टर कुमार आशीष ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सहाजितपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि पिंडरा स्कूल के पास एक अंतरजिला गिरोह लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।
सहाजितपुर थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पिंडरा स्कूल के पास छापामारी की गई, जिसमें दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल के साथ चार अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, एक अपराधी भागने में सफल रहा। गिरफ्तार अपराधकर्मियों के हुलिये का मिलान जब कोल्हुजा स्थित प्रियंका ज्वेलर्स में हुई लूट की सीसीटीवी फुटेज से किया गया, तो उनका चेहरा पहचान में आया। पूछताछ में अपराधियों ने कोल्हुआ और कुचायकोट में हुई लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार अपराधकर्मियों में रविश कुमार, संजीत कुमार, अजय सिंह और विनोद कुमार यादव शामिल हैं। एसपी ने बताया कि रविश कुमार के निशानदेही पर कुचायकोट लूट के मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कपड़े और जूते बरामद किए गए। वहीं, संजीत कुमार की निशानदेही पर सहाजितपुर लूट में लूटा गया सोना और श्रृंगार बॉक्स के खाली डिब्बे भी बरामद हुए।v