सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में अपराधी बेख़ौफ़ नजर आ रहे हैं.रविवार को भोजपुर में पुलिस और अपराधियो के बीच मुठभेड़ हुई है. 2 कुख्यात अपराधी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौंरा गांव में ये बदमाश एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार कर भाग रहे थे. भागने के क्रम में नयका टोला के समीप पुलिस टीम और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई.मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दोनों बदमाश जख्मी हो गए.अपराधियों के हमले में घायल 36 वर्षीय पप्पू सिंह जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौंरा गांव के वार्ड नंबर 10 निवासी स्वर्गीय अनुराग सिंह के पुत्र है. वे पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं.
पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल अपराधियों में रोहतास जिले के मधुकरपुर निवासी छोटू मिश्रा एवं आरा के अहिरपुरवा निवासी विपुल तिवारी शामिल हैं.घटना की सूचना मिलते ही एसपी राज, जगदीशपुर एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह, थानाध्यक्ष बिगाउ राम एवं सर्किल इंस्पेक्टर प्रभाष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन की.एसपी राज ने कहा कि संध्या करीब छह बजे कौंरा के पास गाड़ी पार्किंग करने लेकर दोनों बदमाशों एवं पप्पू सिंह के बीच विवाद हुआ. जिसके बाद दोनों बदमाशों ने पप्पू सिंह को गोली मार दी. गोली उनके पैर में लगी.गोली मारकर जब दोनों भागने का प्रयास कर रहे थे, तभी सूचना मिलते ही जगदीशपुर पेट्रोलिंग पुलिस एवं थानाध्यक्ष की टीम ने नयका टोला के पास अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया.दोनों पुलिस पर फायरिंग करने लगे. जिसके पुलिस ने भी अपने आत्मरक्षा में फायरिंग की.
मुठभेड़ में साथी समेत घायल कुख्यात हिस्ट्रीशीटर छोटू मिश्रा करीब चार माह पूर्व जेल से जमानत पर बाहर निकला था. पुलिस रिकॉर्ड में उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है.उसके विरुद्ध अभी तक करीब 11 गंभीर कांड मिले हैं. आरा में ठेकेदार की हत्या, पुलिस से मुठभेड़, हत्या के प्रयास, रंगदारी और मिथलेश पासवान हत्याकांड जैसे गंभीर कांडों चार्जशीटेड रहा है. चार साल पहले जेल गया था. भागलपुर जेल में रहने के बाद जमानत पर छूटकर बाहर आया था.छोटू मिश्रा मूल रूप से रोहतास जिले के दिनारा थाना के मधुकरपुर गांव का निवासी है. वर्तमान में आरा शहर के आनंद नगर शिवपुर मोहल्ले में रहता है