चोरी की मोबाइल बेचने का धंधा: दो गिरफ्तार, 13 मोबाइल बरामद

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना। राजधानी के बाढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की मोबाइल खरीदकर नकली रसीद के साथ बेचने वाले दो दुकानदारों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 13 विभिन्न कंपनियों के टचस्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एएसपी-1 राकेश कुमार ने बताया कि आम लोगों की गुम हुई या चोरी गई मोबाइल फोन की शिकायतों पर पुलिस जांच करती है। इसी क्रम में जलगोविंद निवासी एक व्यक्ति ने 22 जनवरी को अपने मोबाइल के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। यह मोबाइल 20 जनवरी को गायब हुआ था, जिसे ट्रेस करने पर पता चला कि बेलछी निवासी एक व्यक्ति ने उसमें नया सिम कार्ड लगाया है। पूछताछ के दौरान उस व्यक्ति ने बताया कि उसने यह फोन बाढ़ के पोस्ट ऑफिस गली स्थित “मां गायत्री कंप्यूटर मोबाइल” नामक दुकान से सेकंड हैंड के रूप में खरीदा था और उसके पास हाथ से लिखा हुआ रसीद भी मौजूद था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

छापेमारी में हुआ खुलासा

सूचना के आधार पर पुलिस ने दुकान पर छापेमारी की, जहां से 13 चोरी के मोबाइल बरामद किए गए। इस मामले में दुकानदार दयाचक निवासी राकेश कुमार और उसके कर्मचारी चोंदी निवासी रौशन कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि ये दोनों चोरी के मोबाइल खरीदकर सेकंड हैंड फोन के रूप में ग्राहकों को बेचते थे और नकली रसीद भी बनाते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चोरी की मोबाइल रखने और फर्जी रसीद तैयार करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share This Article