प्रशांत किशोर की नई रणनीति: विधानसभा से पहले छात्र संघ चुनाव पर फोकस

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव भले ही अभी सात महीने दूर हों, लेकिन प्रशांत किशोर पहले ही एक और चुनाव पर अपना ध्यान केंद्रित कर चुके हैं। वे चाहते हैं कि जन सुराज पार्टी इस चुनाव में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराए। यह चुनाव कोई और नहीं, बल्कि पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ का चुनाव है, जहां प्रशांत किशोर की पार्टी पहली बार अपने उम्मीदवार उतारने जा रही है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सूत्रों के मुताबिक, प्रशांत किशोर इस चुनाव को काफी गंभीरता से ले रहे हैं। यह बात किसी से छिपी नहीं है कि उनके पास न केवल संसाधनों की कोई कमी है, बल्कि चुनावी रणनीति बनाने में भी उनका कोई सानी नहीं। ऐसे में पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ का यह चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है।

जन सुराज की चुनावी तैयारी

इस बार जन सुराज छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए दिवेश उर्फ दिनू और कोषाध्यक्ष पद के लिए ब्रिजेश कुमार को उम्मीदवार बना सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा होली के बाद प्रशांत किशोर खुद करेंगे। प्रशांत किशोर को चुनाव में नए-नए तरीके अपनाने के लिए जाना जाता है, इसलिए यह चुनाव पहले से कहीं ज्यादा आकर्षक और रणनीतिक नजर आएगा। खबरें हैं कि जन सुराज इस बार जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति तैयार कर रहा है।

जातीय संतुलन पर दिया जोर

पार्टी के वरिष्ठ छात्र नेता संजीव सरदार और अजय यादव ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि सेंट्रल पैनल में सभी वर्गों सामान्य, ओबीसी, ईबीसी और एससी के उम्मीदवारों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। पिछले चुनाव में जेडीयू समर्थित उम्मीदवारों ने चार सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार जन सुराज ने मुकाबले को और ज्यादा दिलचस्प बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। देखना दिलचस्प होगा कि क्या प्रशांत किशोर की यह रणनीति छात्र राजनीति में जन सुराज की साख मजबूत कर पाती है और क्या यह चुनाव विधानसभा चुनाव से पहले उनके लिए एक बड़ी जीत साबित होता है?

Share This Article