बंदूक को पिचकारी बनाकर होली खेलते दिखे जदयू CM के ‘दुलरुआ’ विधायक पप्पू पांडे, वीडियो वायरल

विधायक पप्पू पांडे वायरल वीडियो पर राजद ने CM नीतीश को घेरा

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

गोपालगंज। बिहार में दबंगई और हथियारों के खुलेआम प्रदर्शन के मामले आए दिन सुर्खियों में रहते हैं। इस बार सत्तारूढ़ जदयू के विधायक पप्पू पांडे का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे हाथ में बंदूक लेकर होली खेलते नजर आ रहे हैं। उनके आसपास कई समर्थक भी मौजूद हैं, जो इस माहौल का आनंद ले रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, विधायक विपक्ष के निशाने पर आ गए। राजद ने इस वीडियो को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तीखा हमला बोला है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

राजद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कटाक्ष किया, “बंदूक नहीं, पिचकारी है! कुचायकोट से विधायक पप्पू पांडे, जो नीतीश कुमार के दुलारे हैं, खुलेआम हथियार लहराते दिख रहे हैं। इनके खिलाफ हत्या, फिरौती, जबरन कब्जे जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं, लेकिन सत्ता के संरक्षण में बिहार पुलिस इनकी बंदूकों को भी पिचकारी ही मानती है।”

इसके साथ ही राजद ने मीडिया पर भी निशाना साधा और लिखा, “यह सब तथाकथित गोदी मीडिया को नहीं दिखेगा, क्योंकि उसे केवल विपक्ष को घेरने का आदेश मिला है। विपक्ष की छोटी-छोटी घटनाओं को बड़ा मुद्दा बनाया जाता है, जबकि सत्ता पक्ष की बड़ी गलतियां भी अनदेखी कर दी जाती हैं।”

कौन हैं पप्पू पांडे?

गोपालगंज जिले के नयागांव तुलसिया गांव के रहने वाले जदयू विधायक अमरेंद्र पांडे उर्फ पप्पू पांडे दबंग नेता के तौर पर जाने जाते हैं। उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनके भाई सतीश पांडे और भतीजे मुकेश पांडे पर भी कई मामलों में संलिप्तता के आरोप लगे हैं। 2010 में पहली बार बसपा के टिकट पर विधायक बनने वाले पप्पू पांडे ने 2015 में जदयू का दामन थाम लिया और दोबारा विधायक बने। 2020 में भी उन्होंने कुचायकोट से जीत दर्ज की। अब उनके हथियार लहराने के इस वीडियो ने उन्हें एक बार फिर विवादों के केंद्र में ला दिया है।

Share This Article